ज़ायकेदार शाकाहारी कटलेट्स
Mar 31st, 2008 by Dr. Garima Tiwari | No Comments
आवश्यक सामग्री:
- गाजर ⇒ आधा पाव
- पत्ता गोभी ⇒ एक पाव
- प्याज़ ⇒ आधा पाव
- लहसुन ⇒ 6-7 कली
- उबले आलू ⇒ 2 मध्यम आकार के आलू
- शिमला मिर्च ⇒ 1 शिमला मिर्च
- टोफू या पनीर ⇒ 150 ग्राम
- नमक ⇒ स्वादानुसार
- काली मिर्च ⇒ स्वादानुसार
- सफ़ेद मिर्च ⇒ स्वादानुसार
- सूजी ⇒ लगभग आधा पाव
- मक्खन निकाले दूध की दही ⇒ जरूरत के अनुसार
बनाने की विधि:
गाजर, पत्ता गोभी, प्याज़, उबले आलू, शिमला मिर्च और पनीर के पतले स्लाईस काट लें तथा लहसुन को दरदरा कूट लें। पनीर और आलू को थोड़ा बेक कर लें ताकि वो हलका सा सूख जाएँ। अब सभी सब्ज़ियों, लहसुन, पनीर और आलू को एक बर्तन मे रखें तथा नमक, काली मिर्च, सफ़ेद मिर्च और लहसुन मिलाएँ। अब इसमे सूजी और दही की इतनी मात्रा मिलाएँ कि इसकी टिक्की बन सके।
इसकी छोटी छोटी टिक्कियाँ बनायें, आकार अपनी पसंद अनुसार दे सकते हैं। ओवन में ग्रिल+माईक्रो पर लगभग 6 मिनट पकाएँ। आप चाहें तो इसे तल भी सकते हैं, लेकिन बेक करना ज़्यादा सही है तभी तो हेल्थ के साथ टेस्ट मिलेगा।
तैयार होने पर इनको प्लेट में रखें और इन गर्मा-गर्म कटलेट्स का अपनी मनपसन्द सॉस या चटनी के साथ लुत्फ़ उठाएँ। मुझे यह प्याज़ की चटनी के साथ बहुत अच्छे लगते हैं।
आपको ये कटलेट्स कैसे लगे अवश्य बताएँ। और यदि आपने इस रेसिपी में कोई हेरा-फेरी कर इनको और ज़्यादा लज़ीज़ बनाया है तो अपनी हेरा-फेरी यहाँ अवश्य बताएँ ताकि सभी उसका लुत्फ़ भी उठा सकें।
