चाईनीज़ खाने की बढ़िया जगह
May 1st, 2007 by amit | 9 Comments
दिल्ली में हर तरह का खाना परोसने वाले रेस्तरां आदि हैं, चाहे पंजाबी, बंगाली, मुग़लई, उत्तर भारतीय और दक्षिण भारतीय जैसे देसी भोजन हों या चाईनीज़, थाई, योरोपीय(कॉन्टीनेन्टल), इताल्वी, मेक्सिकन आदि विदेशी भोजन हों, यानी कि खाने पीने की कोई टेन्शन नहीं।
अभी कल एक मित्र के साथ जनक पुरी के डिस्ट्रिक्ट सेन्टर स्थित बरकोस जाना हुआ। चाईनीज़ और थाई खाने के लिए यह दिल्ली के बेहतरीन रेस्तराओं में से एक है। दिल्ली में कई जगह होने के साथ-२ यह नोएडा और गुड़गाँव में भी है। मेरा अभी तक केवल क्नॉट प्लेस और जनक पुरी वाले में जाना हो पाया है। दोनों जगह लोगों की भीड़ काफ़ी होती है, इसलिए यदि आप सांयकाल जा रहे हैं तो यदि आठ बजे तक पहुँच जाएँगे तो टेबल आराम से मिल जाएगी, बाद में लंबी कतार में प्रतीक्षा भी करनी पड़ सकती है, और यदि सप्ताहांत है तो गर्मियों में शीतल पेय और सर्दियों में चाय वगैरह साथ रखें, काफ़ी प्रतीक्षा करनी पड़ सकती है क्योंकि सप्ताहांत पर भीड़ अधिक होती है!!
बहरहाल, कल हम लोगों ने क्रिस्पी चिली पोटैटो(आलू) मंगवाया, खाने में वाकई बहुत लज़ीज़। दिखने में फ़्रेन्च फ़्राईज़ जैसा परन्तु बहुत कुर-कुरा और मसाला-मिर्च आप अपने स्वादानुसार बता सकते हैं कि कितनी तेज़ या हल्की चाहिए। यदि मदिरापान से परहेज़ नहीं तो इसको ठंडी बीयर के साथ लें और यदि आप मदिरापान नहीं करते तो जिन्जर फ़िज़(अदरक का एक शीतल पेय) के साथ लें; जिन्जर फ़िज़ आपको इनके मेनू में नहीं मिलेगी लेकिन वेटर को बोलने पर मिल जाएगी।
चूंकि हम लोगों का पेट लगभग भर ही गया था, इसलिए अगली डिश स्टर फ़्राईड चाईनीज़ ग्रीन्स मँगवाई। यह बिना तरी वाली हरी सब्ज़ियों की डिश होती है, इसे चावल या नूडल के साथ खाया जाए तो काफ़ी अच्छी लगती है लेकिन इसको ऐसे भी खा सकते हैं।
बरकोस में क्रिस्पी हनी चिकन(crispy honey chicken) भी बहुत अच्छा मिलता है। यह भी आपको इनके मेनू में नहीं मिलेगा लेकिन इसको परोसते अवश्य हैं, इसलिए आपको सिर्फ़ वेटर से कहने भर की देर है और कुछ देर की प्रतीक्षा के बाद ही आपको करारा फ़्रेन्च फ़्राई के आकार जैसा, उम्दा शहद में बना चिकन परोसा जाएगा। देखने में यह लगभग क्रिस्पी चिली पोटैटो जैसा ही लगता है। मैंने यह केवल जनक पुरी वाले रेस्तरां में खाया है इसलिए बाकी बरकोस रेस्तराओं के बारे में कह नहीं सकता। इनकी वेजीटेबल मंगोलियन स्टाईल(Vegetable Mongolian Style) भी बहुत अच्छी है, यह तरी वाली डिश है; चावल अथवा नूडल्स के साथ खाने के लिए एकदम उम्दा। यह थोड़ी मसालेदार होती है, इसलिए यदि आपको कम मसाला खाने की आदत है तो ऑर्डर देते समय वेटर को बोल दें। क्षुधावर्धक अर्थात् ऐपीटाईज़र(appetizer) में इनका क्रिस्पी कॉर्न पैपर साल्ट(Crispy Corn Pepper Salt) काफ़ी अच्छा है। यदि स्नैक आदि लेने का भी मन हो तो बीयर अथवा अन्य शीतल पेय के साथ इसको ले सकते हैं। नूडल्स में इनकी सिंगापुर नूडल स्वादिष्ट होती है, एक बात जिसकी कमी खली थी वह यह कि इन्होंने हल्की सी सोया सॉस का प्रयोग किया था जबकि मेरे अनुभव में मैंने सिंगापुर नूडल जहाँ भी खाई वहाँ उसमें सोया सॉस नहीं वरन् किसी लाल रंग की सॉस का प्रयोग होता है जिससे नूडल में काले रंग की जगह लाल रंग आ जाता है।
क्नॉट प्लेस वाले बरकोस में बार नहीं है इसलिए वहाँ मदिरा सर्व नहीं होती, जनक पुरी वाले में मदिरा सर्व होती है और यदि आप सप्ताहांत पर जाएँगे तो अलग से बार में आरामदायक कुर्सियों पर बैठ खा पी सकते हैं। यदि क्नॉट प्लेस वाले बरकोस में खाना खा रहे हैं और ऐपीटाईज़र और शीतल पेय खाने के साथ ही ऑर्डर करें तो वेटर को बताना न भूलें कि पेय और ऐपीटाईज़र भोजन से पहले परोसे। वहाँ के समझदार वेटरों को सभी वस्तुएँ एक साथ परोसने की आदत है जिस कारण एक स्टीवर्ड को दो सप्ताह पूर्व मुझे समझाना पड़ा कि ऐपीटाईज़र और पेय भोजन से पहले परोसे जाते हैं। एक अच्छे स्टीवर्ड की भांति उसने गलती स्वीकार कर ली थी लेकिन सबक के तौर पर हम लोग उसके लिए टिप नहीं छोड़ के आए थे।
बरकोस इस स्तर के अन्य रेस्तराओं के मुकाबले महँगा नहीं है। चार सौ रूपए में तीन लोग आराम से शाकाहारी भोजन कर सकते हैं, और साथ में यदि बीयर चिकन आदि लेते हैं तो बिल तकरीबन छह सौ के आसपास आएगा, मदिरापान रेस्तराओं में सस्ता नहीं होता।
अपने अनुभव अनुसार मैं इनको निम्न अंक देता हूँ:
बरकोस - क्नॉट प्लेस - 7/10
बरकोस - जनक पुरी - 7.5/10



अरे वाह दादा. नया ब्लाग
यहां इतने व्यंजन देखकर तो मुंह में पानी भर आया. ब्लाग देखकर यह अनुभव रहा कि अब से खाली पेट यहां नहीं आने वाला.. वरना सिर्फ़ पढ़ा पढ़ाकर ही भूखा मारोगे. अब इतना भी किया करो कि जहां जाओ वहां के बारे में बताने के बाद फोन ऑर्डर की सुविधा है या नहीं- यह भी बता दिया करो.. और नंबर भी लिखो. ताकी हम भी कुछ मंगा सकें.
नीरज भाई, सुझाव के लिए धन्यवाद। यहाँ इस पोस्ट में मैंने बरकोस की वेबसाइट का पता दिया है। नोएडा वाले बरकोस का पता यहाँ है। इसमें पते के साथ-२ फोन नंबर भी है, पता कर लो। वैसे जो मज़ा वहाँ बैठ खाने का है वो घर मँगा खाने का नहीं।
बडे़ विस्तार से लिखा है, अब दिल्ली मे पहली दावत चाइनीज हुई तो बरकोस मे ही होगी । और ये ‘Ginger Fizz’ मुझे बहुत पसन्द है।
यह बढ़िया ब्लॉग शुरु किया है, बधाई.
हम्म दुकान खोल ही दी। बधाई!
कुछ साथ म्रें ये सब खिलाने का बंदोबस्त भी करो तो बात बने।
महँगाई की परिभाषा भी देशकाल के अनुसार होती है। हमारे यहाँ के हिसाब से चार सौ रुपए महँगा है।
सब कुछ तो बहुत अच्छा है पर मेनू मे जिन्जेर फिज़ और क्रिस्पी हनी चिकेन क्यों नही दिया गया है। कोई खास वजह ?
चलो दिल्ली आने का एक और बहाना मिला, यह बात और है की आते ही कहाँ थे.
चटपटी जानकारी. सबसे अच्छा रहा ओडर कैसे दें वाले निर्देश
क्नॉट प्लेस में यह मैंने पी थी तो उसमें न ही जिन्जर(अदरक) का कुछ पता था और न ही फ़िज़ था!! जनक पुरी वाले में पी तो जिन्जर तो मिला लेकिन फ़िज़ नहीं!!
धन्यवाद समीर जी।
देर किस बात की है, आ जाओ दिल्ली, फिर ले चलेंगे आपको बरकोस में!!
भाया, इसलिए मैंने आम संदर्भ में इसको सस्ता न बताते हुए कहा:
इस स्तर के अन्य रेस्तराओं में भी मैं गया हूँ और खाने और सर्विस के आधार पर वे काफ़ी महँगे हैं। बाकी टेन्शन न लो, ढाबे के बारे में भी लिखूँगा जहाँ दो लोग मेनू में मौजूद महँगी डिश पेट भर खा के भी सिर्फ़ साठ रूपए में निपट जाते हैं!!
खास लोगों या कहूँ रेगुलर पैट्रन्स के लिए, हा हा हा!!
अब कारण तो मुझे भी नहीं पता, हो सकता है कि नए मेनू छपें हों तो उनमें डालना रह गया हो। हो जाता है कई बार, जैसे बरिस्ता में जाएँ तो उनके टेबल मेनू में सभी कॉफ़ी नहीं लिखी होती, उनके काउँटर के पीछे दीवार पर जो बड़ा मेनू होता है उसमें सभी होती हैं।
हाँ, यह तो गलत बात है संजय भईया। यदि भाभी जी का पल्लू नहीं छोड़ा जाता तो मत छोड़ो, मैं कहूँगा भी नहीं, उनको साथ ही ले आईये।

[…] सेन्टर वाले बर्कोस(Berco’s) में जाकर चाईनीज़ भोजन करने का था, लेकिन हर जगह इतना ट्रैफिक […]